उन्नाव: 14 छात्राओं के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाने का आरोप, पुलिस से सुरक्षा की मांग

0
46

सचिन कुमार
ब्यूरो- सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव। जनपद उन्नाव के थाना गंगाघाट क्षेत्र अंतर्गत मरहला चौकी के ग्राम कनिका मऊ में लगभग 14 छात्राओं के नाम व फोटो का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्राओं ने इस संबंध में कोतवाली गंगाघाट में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
छात्राओं के अनुसार, कानपुर निवासी विनय एवं निर्भय जांकी नामक युवक पूर्व में उन्हें पढ़ाते थे और गुरु के रूप में जुड़े हुए थे। आरोप है कि उन्हीं के द्वारा छात्राओं की फोटो का उपयोग कर गलत नाम और पते के साथ फर्जी आधार कार्ड तैयार किए गए।
मामले की जानकारी होने पर छात्राओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि भविष्य में इन फर्जी दस्तावेजों का किसी गलत कार्य में इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे उनकी पहचान और सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
छात्राओं ने कोतवाली गंगाघाट पुलिस को लिखित शिकायत देकर फर्जी आधार कार्ड बनाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि उनकी फोटो और व्यक्तिगत जानकारी का किसी प्रकार का दुरुपयोग न होने दिया जाए।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।