पति पर अवैध संबंध, मारपीट व भरण-पोषण न देने का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

0
63

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो – सिद्धि टुडे, उन्नाव

थाना माखी क्षेत्र के रावतपुर सर्हुआ निवासी विवाहिता अंजलि ने अपने पति अनित पुत्र कन्हाई एवं ससुर पर मारपीट, गाली-गलौज, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक तथा महिला थाना में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व अनित पुत्र कन्हाई निवासी रावतपुर सर्हुआ, थाना माखी, जनपद उन्नाव के साथ हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता है। पति दिल्ली में अच्छी नौकरी कर अच्छी आय अर्जित करता है, लेकिन उसके भरण-पोषण के लिए एक भी रुपये नहीं भेजता।

प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति के दिल्ली में कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं, जिनके संबंध में उसके पास साक्ष्य मौजूद हैं। साथ ही उसका कहना है कि शादी में मिला उसका समस्त जेवर पति के कब्जे में है और वापस नहीं किया जा रहा है।

अंजलि ने अपने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार ससुर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं। साथ ही उन्होंने अभद्र एवं अशोभनीय हरकतें करने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और महिला थाना से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।