उन्नाव में गूंजेगा शिवभक्ति का महासंगम! 02 अगस्त से विशाल शिवपुराण कथा, महालक्ष्मी महायज्ञ,1008 पार्थिव शिवलिंगों का रुद्राभिषेक,पीड़ित परिवारों को 21-21 हजार सहायता का ऐलान।

0
31

सचिन कुमार
ब्यूरो प्रमुख- सिद्धि टुडे,उन्नाव

उन्नाव। सावन माह में उन्नाव शिवभक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के भव्य उत्सव का केंद्र बनने जा रहा है। श्री आदि गुरु वैदिक सेवा सनातन ट्रस्ट एवं श्री गोकुल बाबा मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में लोक विख्यात शैवाचार्य श्री प्रशांत प्रभु महाराज के पावन सानिध्य में 02 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक मगरवारा स्थित श्री गोकुल बाबा मंदिर प्रांगण में विशाल श्री शिवपुराण कथा एवं श्री वैभव महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।आयोजन समिति के अनुसार,02 अगस्त को सायं 4 बजे बड़े हनुमान मंदिर से गांधी नगर तिराहे तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु, मातृशक्ति और सनातन प्रेमी धर्मध्वजा के साथ शामिल होकर भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश देंगे।

02 अगस्त से 11 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से 12:00 बजे तक दरिद्रता निवारण श्री वैभव महालक्ष्मी महायज्ञ तथा शाम 4:00 बजे से श्री प्रशांत प्रभु महाराज के श्रीमुख से श्री शिवपुराण कथा का रसपान कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने के जनजागरण, राष्ट्र कल्याण और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
इस धार्मिक आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 11 अगस्त को दोपहर 1 बजे होने वाला 1008 पार्थिव शिवलिंगों द्वारा सामूहिक रुद्राभिषेक रहेगा। श्रद्धालुओं को इस अवसर पर दरिद्रता निवारण श्री वैभव महालक्ष्मी यंत्र एवं कल्याणकारी कुबेर का खजाना भी प्रदान किया जाएगा। 12 अगस्त को विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अनुराग अवस्थी, सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, मुख्य यजमान श्रीमती वंदना सत्येन्द्र सिंह (बच्चा भैया), श्रीमती संतोष हरि प्रसाद साहू, श्रीमती राधा निशीथ निगम, कथा अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कथा सचिव अजय अवस्थी, विक्रम सिंह, डॉ. मनीष सेंगर, धीरज सिंह, महिला मंडल से श्रीमती निम्मी अरोड़ा, दीपशिखा सिंह, अतुल सिंह, अमर सिंह, आयूष सिंह, मीडिया प्रभारी श्याम जी गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक रंजना मिश्रा (लखनऊ), राहुल कश्यप, सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान श्री प्रशांत प्रभु महाराज ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में इस प्रकरण के दौरान आत्महत्या करने वाले 6 विद्यार्थियों के परिवारों को श्री आदि गुरु वैदिक सेवा ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक परिवार को 21,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने इसे पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विनम्र प्रयास बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी का जन्मदिन केक कटवाकर मनाया गया।वाराणसी के विद्वान आचार्यों कार्तिकेय द्विवेदी और सत्यम शर्मा ने मंगलाचरण व स्वस्तिवाचन के साथ प्रेस वार्ता का शुभारंभ कराया।पदाधिकारियों ने महाराजश्री को माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। होटल मैस्कॉट इन् में आयोजित प्रेस वार्ता में उपस्थित पत्रकार बंधुओं को सम्मानित करने के साथ सहभोज हेतु आमंत्रित किया गया। वार्ता का संचालन संपर्क प्रमुख डॉ मनीष सेंगर ने किया