असमय बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान, विधायक ने डीएम को लिखा पत्र

0
77

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

पिछले कई दिनों से हो रही असमय बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने जिले के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी तथा कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष शुक्ल ने जिलाधिकारी उन्नाव से वार्ता कर किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है। विधायक ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीते एक सप्ताह के दौरान असमय भारी वर्षा, ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण उनके विधानसभा क्षेत्र में किसानों की फसल एवं पेड़-पौधों को भारी क्षति पहुंची है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि किसान अन्नदाता हैं, जो कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है, जिससे उन्हें अत्यधिक कष्ट उठाना पड़ता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और किसानों की फसल क्षति का सही आकलन कर उन्हें शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए।

विधायक ने यह भी अपेक्षा जताई है कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति पर अधिक प्रभाव न पड़े।