अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो–सिद्धि टुडे, उन्नाव
मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना जिला अस्पताल में सामने आई, जहां एक मां द्वारा अपने ही नवजात शिशु को बाथरूम में फेंककर चले जाने की आशंका जताई जा रही है। बाथरूम में नवजात का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के बाथरूम में सफाई के दौरान सफाईकर्मी की नजर एक नवजात शिशु पर पड़ी, जो मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। यह दृश्य देखते ही अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला ने शिशु को जन्म देने के बाद उसे बाथरूम में फेंक दिया और मौके से चली गई।
घटना के बाद अस्पताल में हाहाकार का माहौल बना रहा।
इस अमानवीय घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश और दुख देखा गया। पुलिस द्वारा अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही अस्पताल में भर्ती महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि संदिग्ध महिला की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।































