गौवंश संरक्षण में लापरवाही पर डीएम सख्त, बीडीओ के वेतन पर लगी रोक

0
62

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे,उन्नाव

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक कर गौवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। बैठक के दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशालाओं में गौवंश के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नवाबगंज ब्लॉक को छोड़कर अन्य सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। यह कार्रवाई गौशालाओं की खराब स्थिति और लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए की गई है।

औरास ब्लॉक से सर्वाधिक शिकायतें मिलने पर डीएम ने संबंधित बीडीओ को कड़ी चेतावनी देते हुए दो महीने के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि तय समय सीमा में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में डीएम ने गौशालाओं में चारा, स्वच्छ पेयजल और गर्मी से बचाव के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, ताकि गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप गौवंश संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।