भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण, सुंदरकांड पाठ व होली स्नेह मिलन में उमड़ा जनसैलाब

0
64

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

भारतीय जनता पार्टी, उन्नाव के जिलाध्यक्ष श्री अनुराग अवस्थी के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित श्री सुंदरकांड पाठ एवं होली स्नेह मिलन समारोह में जनपद भर से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे भगवान हनुमान जी की आराधना एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण व्याप्त रहा और जनपद की सुख-समृद्धि तथा संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी का स्वागत करते हुए उनके सफल एक वर्ष के कार्यकाल पर शुभकामनाएं दीं।

सुंदरकांड पाठ के उपरांत आयोजित होली स्नेह मिलन कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका एक वर्ष का कार्यकाल सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास, समर्पण और मेहनत का परिणाम है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ नेताओं ने अनुराग अवस्थी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भाजपा उन्नाव ने संगठनात्मक रूप से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह एवं भगवंतनगर विधायक श्री आशुतोष शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, राधेश्याम रावत, एमएलसी अरविंद त्रिपाठी ‘गुड्डू’, केडी त्रिवेदी, सरोज सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, मनोज निषाद, भाजपा नेता अरुण दीक्षित, नेत्री चंद्रकांता जोशी, किरण सिंह, जिला महामंत्री बिपिन मिश्रा, प्रवीण सिंह, नूतन, आशीष बाजपेई, महेश चंद्र दीक्षित, अनिल कुशवाहा, आनंद केके वर्मा, कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल, जिला मंत्री रजनीश वर्मा, सविता रावत, विमल द्विवेदी, सुशील तिवारी, नवीन सिंह, कमल बाजपेई, रजत शुक्ला, ज्ञानेंद्र शुक्ला, विजय द्विवेदी, जितेंद्र पटेल, मुकेश पाल सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल प्रीति-भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। यह आयोजन संगठन की एकता, समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बना।