सचिन कुमार
ब्यूरो प्रमुख- सिद्धि टुडे,उन्नाव
उन्नाव। जनपद के दही थाना क्षेत्र में कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे कानपुर की ओर जा रही एक रोडवेज बस की आगे चल रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस का परिचालक (कंडक्टर) और कुछ यात्री बस से उतरकर क्षति का जायजा लेने के लिए बस के सामने खड़े थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने खड़ी रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस आगे की ओर धक्का खाकर बढ़ी और उसके सामने खड़े परिचालक व यात्रियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
भाजपा नेता ललित द्विवेदी ‘आजाद’ बने मददगार
हादसे के दौरान लखनऊ से लौट रहे भाजपा नेता ललित द्विवेदी ‘आजाद’ घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
उन्होंने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से बस के नीचे दबे घायलों को बाहर निकलवाया। गंभीर घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई। साथ ही मृतकों के शवों को बाहर निकालने में भी सहयोग किया।
हादसे की सूचना पर जब मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान ललित द्विवेदी ‘आजाद’ ने परिजनों को ढांढस बंधाया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इसके अलावा बस में सुरक्षित बचे यात्रियों को भी बाहर निकालकर उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर करता है। वहीं, हादसे के दौरान भाजपा नेता ललित द्विवेदी ‘आजाद’ द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।





























