थाना गंगाघाट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, सीओ नगर ने व्यवस्थाओं को परखा और दिए सख्त निर्देश

0
229

अनुज कुमार वर्मा 

ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव 

 

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव द्वारा शनिवार को थाना गंगाघाट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र/महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, भोजनालय, शस्त्रागार एवं आवासीय बैरकों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

सीओ नगर ने निरीक्षण के दौरान थाने पर मौजूद शस्त्रों एवं अन्य लॉजिस्टिक्स सामग्रियों का सूची से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया। इसके साथ ही अभिलेखों की प्रविष्टियों को परखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख अद्यतन स्थिति में रखे जाएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि पर तत्काल सुधार किया जाए।

 

सीओ नगर ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, तथा मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्पडेस्क के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के अंत में श्री यादव ने कहा कि थाना पुलिस की कार्यशैली में अनुशासन और पारदर्शिता झलकनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों से अपेक्षा की कि वे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।