उन्नाव में 7 शातिर चोर गिरफ्तार, दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा

0
47

सचिन कुमार
ब्यूरो प्रमुख-सिद्धि टुडे,उन्नाव

चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद, सभी आरोपी भेजे गए जेल

उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली सदर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने सात शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, नकदी, मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी अभ्यस्त अपराधी बताए जा रहे हैं, जिनमें कई के खिलाफ पहले से दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को कल्याणी देवी निवासी अर्पित कुमार पुत्र स्व. अशोक कुमार त्रिवेदी ने थाना कोतवाली सदर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गए हैं। इस सूचना के आधार पर थाना कोतवाली सदर में मु0अ0सं0 376/2026 धारा 331(4)/305(क) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसके बाद 25 जून 2026 को सिविल लाइन स्थित त्रिपाठी बिल्डिंग के पीछे रहने वाली रश्मि कपूर पत्नी कैलाश कपूर ने भी अपने घर में चोरी की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए। इस मामले में मु0अ0सं0 379/2026 धारा 331(4)/305(क) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकान्त मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सर्विलांस की सहायता से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।

इसी क्रम में 26 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी जीआईसी ग्राउंड स्थित खंडहर के अंदर चोरी के माल का आपस में बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जाफर पुत्र रानू, सुल्तान उर्फ अरसलान पुत्र बउवा उर्फ अरमान, दिलशाद उर्फ दिस्सू पुत्र मतीन, शाहबाज पुत्र रफी अहमद, महेश उर्फ बल्लू पुत्र स्व. कल्लू, आरिफ उर्फ चूचूं पुत्र शीबू तथा ओम पुत्र सुनील शामिल हैं। सभी आरोपी कांशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के निवासी हैं।

बरामद हुआ चोरी का सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की मछली, दो चांदी के सिक्के, सोने की कान की बालियां, चांदी की अंगूठी, सोने के आभूषण का टुकड़ा, मंगलसूत्र का पेंडल, सोने की एक अन्य जोड़ी बालियां, 6 हजार रुपये नकद तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले सब्बल, प्लास, लोहे की आरी, सरिया, पाना, तीन मोमबत्तियां और दो माचिस बरामद की हैं।

अभ्यस्त अपराधी हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जाफर, सुल्तान, आरिफ और शाहबाज के खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर, मारपीट, धमकी, चोरी का माल रखने सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह बंद मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पूछताछ में आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जेल भेजे गए आरोपी

पूछताछ एवं बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार उन्नाव भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक मोहम्मद नसीम, उपनिरीक्षक सभाजीत सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल राजेश राय, विजय शर्मा, मनोज कुमार, कांस्टेबल संदीप, विकास गुर्जर, अमित सिंह, आरक्षी राजन मिश्र तथा शिवेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार गिरोह से पूछताछ के आधार पर जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।