जाजमऊ गंगा पुल पर तीन रात भारी वाहनों का आवागमन रहेगा बंद, मरम्मत कार्य के चलते डायवर्जन लागू

0
72

सचिन कुमार
ब्यूरो प्रमुख- सिद्धि टुडे,उन्नाव

उन्नाव। कानपुर और उन्नाव को जोड़ने वाले जाजमऊ गंगा पुल पर विशेष मरम्मत कार्य के कारण 26, 27 और 28 जून की रात भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा पुल की संरचनात्मक मजबूती के लिए यह कार्य कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीनों दिनों में रात 10 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान ट्रक, बस और अन्य व्यावसायिक वाहन पुल से नहीं गुजर सकेंगे, जबकि हल्के वाहन नए गंगा पुल से आवागमन कर सकेंगे।
जाजमऊ गंगा पुल कानपुर और उन्नाव के बीच सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है। प्रतिदिन लाखों छोटे-बड़े वाहन इस पुल का उपयोग करते हैं। लगातार बढ़ते यातायात और भारी वाहनों के दबाव के कारण पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसकी मरम्मत के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
डायवर्जन व्यवस्था
इटावा और आगरा से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग-19 होते हुए सुनेपुर मोड़ और फतेहपुर मार्ग से उन्नाव-लालगंज हाईवे के जरिए लखनऊ भेजे जाएंगे।
महोबा और हमीरपुर क्षेत्र से आने वाले वाहन घाटमपुर, जहानाबाद, बकेवर और एनएच-19 स्थित बक्सर मोड़ से होकर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।
कन्नौज की ओर से आने वाले भारी वाहन एनएच-34 स्थित रामेश्वर धाम मंदिर कट से हरदोई-उन्नाव मार्ग की ओर मोड़े जाएंगे।
कानपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन गंगा बैराज, पहाड़पुर, कन्हैयापुर और शुक्लागंज मार्ग से होकर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
एम्बुलेंस को प्राथमिकता
यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना सर्वोपरि है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव के अनुसार, आसपास के जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से समन्वय के बाद यह डायवर्जन योजना लागू की गई है ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।