सचिन कुमार
ब्यूरो प्रमुख-सिद्धि टुडे,उन्नाव
उन्नाव। मोहर्रम के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर ताजिया जुलूसों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी बनाए रखने, अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में निकाले गए। प्रशासन ने आमजन से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।






























