निखिल वर्मा
समन्वयक सिद्धी टुडे
उन्नाव। शहर के शाहगंज स्थित वी मार्ट मॉल के बाहर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शॉपिंग करने आए एक युवक की खड़ी Maruti Suzuki WagonR कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह खाक हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवक अपनी वैगनआर कार पार्क कर वी मार्ट मॉल में खरीदारी करने गया था। इसी दौरान अचानक कार से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से पूरे वाहन में फैल गईं। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
गनीमत यह रही कि घटना के समय कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद शाहगंज क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।






























