अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
जनपद में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को संवारने की दिशा में जिला सेवायोजन कार्यालय, उन्नाव द्वारा श्याम कुमारी सेठ बाल निकुंज नेहरू बालिका इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में एक प्रभावशाली कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 125 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने करियर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रीति चंद्रा, सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के प्रवक्ता अनुपम सिंह, कौशल विकास मिशन से सुजीत ठाकुर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा कनौजिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी वक्ताओं ने छात्राओं को बदलते समय के अनुसार करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूलमंत्र है—अपनी रुचि और क्षमता की पहचान कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करना। उन्होंने बैंकिंग, विधि, चिकित्सा, प्रबंधन एवं अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के जिला प्रबंधक सुजीत सिंह ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय में आत्मनिर्भर बनने का मजबूत माध्यम है, जिससे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय चयन, समय प्रबंधन और अध्ययन की रणनीति पर भी मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने एनसीईआरटी की पुस्तकों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मजबूत आधार के लिए इनका अध्ययन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही यह भी बताया गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में महिलाओं के समक्ष आने वाली सामाजिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सही मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और आत्मविश्वास के बल पर इन चुनौतियों को पार किया जा सकता है। छात्राओं को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदान की जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा की विस्तृत जानकारी भी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि इंटरमीडिएट के पश्चात वे यूपीएससी, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, पुलिस, रेलवे एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
इच्छुक छात्र-छात्राएं स्काउट भवन (डायट), जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, उन्नाव स्थित अभ्युदय केंद्र पर जाकर पंजीकरण कर निःशुल्क कोचिंग एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवायोजन कार्यालय के रमेश कुमार कुरील एवं श्रीकांत का विशेष योगदान रहा। अंत में छात्राओं से अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, उन्नाव से संपर्क करने की अपील की गई।






























