अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
जनपद हरदोई में आयोजित भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों से मेरठ से प्रयागराज तक निर्मित 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण संपन्न हुआ। यह अवसर उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां गंगा की स्तुति के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकासपरक सोच के अनुरूप पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में आधुनिक एवं सुदृढ़ सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है।
गंगा एक्सप्रेस-वे इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों को आपस में जोड़ते हुए आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाएगा। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमि हरदोई, जिसे भगवान श्री विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद की उद्धार भूमि तथा भगवान श्री वामन और श्री नरसिंह की अवतरण स्थली के रूप में जाना जाता है, आज इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
गंगा एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली पहल है। यह एक्सप्रेस-वे अन्नदाता किसानों के लिए अपनी उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और नए निवेश को आकर्षित करने में भी यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में व्यापार तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेशवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आस्था, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान देने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन किया गया। साथ ही, इस परियोजना के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराने वाले अन्नदाता किसानों के योगदान को भी सराहते हुए प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।
गंगा एक्सप्रेस-वे निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश की प्रगति को नई दिशा प्रदान करेगा।






























