खबर का असर: रात में ही गड्ढे की मरम्मत शुरू, प्रशासन हरकत में आया

0
314

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव सदर बाजार क्षेत्र में सड़क के गड्ढे से हुए हादसे की खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। देर रात ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि चश्मे वाली दुकान के सामने बने गहरे गड्ढे के कारण बैटरी रिक्शा पलटने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जबकि एक बच्चा भी जख्मी हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।

खबर सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया और रात में ही मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया। मौके पर मजदूरों और मशीनों की मदद से गड्ढे को भरने का काम तेजी से किया गया, जिससे आवागमन सुचारू हो सके।

स्थानीय लोगों ने देर से ही सही, लेकिन कार्रवाई शुरू होने पर संतोष जताया है। वहीं लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाती, तो हादसे को टाला जा सकता था।

अब क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि पूरी सड़क का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।