सिलेंडर संकट से जूझते लोग, व्यवस्था पर उठे सवाल – कब मिलेगी राहत?

0
47

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार बैठकें और निर्देश दिए जाने के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर लोग सुबह 4 बजे से ही लाइन लगाना शुरू कर देते हैं, लेकिन पूरे दिन इंतजार करने के बाद भी यह तय नहीं होता कि सिलेंडर मिलेगा या नहीं।
जिलाधिकारी का कहना है कि जिले में सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन अगर ऐसा है तो एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़ कई सवाल खड़े करती है।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के अजगैन में सामने आया ताजा मामला इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर धरना-प्रदर्शन कर दिया और करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक करने के बाद बिना डिलीवरी हुए ही “डिलीवर” का मैसेज मिल जाता है। इससे लोगों में भ्रम और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें यह तक पता नहीं चल पाता कि उनका सिलेंडर आखिर गया कहां।

ऐसे में जरूरत है पारदर्शी व्यवस्था की, जहां उपभोक्ताओं को सही जानकारी समय पर मिले और फर्जी डिलीवरी पर सख्त कार्रवाई हो। प्रशासन को चाहिए कि एजेंसियों की निगरानी बढ़ाए और शिकायतों के समाधान के लिए ठोस व्यवस्था बनाए, ताकि आम जनता को इस परेशानी से जल्द राहत मिल सके।