0
96

सड़क के गड्ढे ने लिया हादसे का रूप, बैटरी रिक्शा पलटने से तीन घायल

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

सदर बाजार क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर बड़े हादसे का कारण बन गई। मेन रोड पर बने गहरे गड्ढे में फंसकर एक बैटरी रिक्शा अचानक पलट गया, जिससे उसमें सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक छोटा बच्चा भी जख्मी हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना चश्मे वाली दुकान के सामने हुई, जहां सड़क पर लंबे समय से गहरा गड्ढा बना हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता दी।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जल निगम और संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। छोटे चौराहे से बड़े चौराहे तक की यह मुख्य सड़क अब लोगों के लिए खतरे का रास्ता बन चुकी है।

लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, बावजूद इसके समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। लगातार हो रही अनदेखी से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।

  1. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।