उन्नाव में विकास को मिली नई रफ्तार, सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया कई परियोजनाओं का शुभारंभ

0
43

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता का अधिकार हैं और इन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के तहत कब्बा खेड़ा में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिया का उद्घाटन किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं दोस्ती नगर नहर पुल के चौड़ीकरण का शिलान्यास भी किया गया, जिससे उन्नाव-हरदोई मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा मोटेश्वर मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर पेयजल टंकियों का उद्घाटन कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को मजबूत किया गया। मां आशाम्बरी देवी धाम में भी जल सुविधा का शुभारंभ किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा।

विधायक ने परमनी क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया, साथ ही थाना-जंगेनगर-पावा-परियर मार्ग के चौड़ीकरण का भूमिपूजन भी किया। इन कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और भी बेहतर होगा।

करीब 33 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। विधायक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।