भीम आर्मी के कुछ युवकों पर गौसेवक के घर में घुसकर हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

0
42

सिद्धि संवाददाता –पीलीभीत

क्षेत्र के सिमरा तालुका महाराजपुर नगरिया कला रमनगरा गांव में शनिवार को मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ युवकों ने गौसेवक गोलू यादव के घर में घुसकर हमला कर दिया, जिससे गोलू यादव, उनके भाई और उनकी मां घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि गोलू यादव राष्ट्रीय बजरंग दल गौ रक्षा दल से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं की सेवा व उपचार का कार्य करते हैं। गोलू यादव का आरोप है कि कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने 1 मार्च को माधो टांडा थाने में तहरीर देकर की थी।

आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर 8 मार्च को लगभग 10–15 युवक गोलू यादव के घर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उनकी मां पर भी लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप है, जिससे वह घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और गौसेवक मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी संबंधित लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

राष्ट्रीय बजरंग दल गौ रक्षा दल से जुड़े कुछ लोग भी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।