अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो–सिद्धि टुडे, उन्नाव
उन्नाव। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए सफल ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में खुशी और गर्व की लहर है। इसी उपलक्ष्य में सर्व सनातन उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में एक विशेष महा रुद्र यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के दौरान देश की रक्षा में लगे सैनिकों की सफलता के लिए प्रार्थना की गई और प्रसाद वितरण कर जश्न मनाया गया।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश शुक्ला, प्रदेश संगठन मंत्री के के त्रिपाठी, प्रदेश युवा अध्यक्ष रत्नेश त्रिपाठी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय पांडे, महिला समिति की जिला अध्यक्ष त्रिवेदी, प्रदेश महिला समिति अध्यक्ष रेखा शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह समेत सैकड़ों समर्थक यज्ञशाला में उपस्थित रहे।
सतीश शुक्ला ने कहा कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में धर्म पूछकर 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय वायुसेना ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब आतंकवाद पाकिस्तान के अंदर भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से भारत के 140 करोड़ नागरिकों का आत्मविश्वास और गौरव बढ़ा है।
यज्ञ में शामिल भक्तगणों ने भारत माता की जयघोष के साथ शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए आहुतियाँ दीं। यह महा रुद्र यज्ञ तीन दिन पूर्व शुरू हुआ था और अभी आगे भी जारी रहेगा। मौके पर लोगों ने वायुसेना के साहसिक कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जय हिंद, जय भारत माता, जय सनातन धर्म।