तारगांव ग्राम पंचायत में 5.68 लाख के गबन का आरोप, हाईकोर्ट सख्त

0
15

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

एक ही सड़क का तीन बार निर्माण दिखाने का मामला, डीएम को 10 दिन में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का आदेश

विकासखंड बिछिया की ग्राम पंचायत तारगांव में सरकारी धन के गबन का मामला सामने आने के बाद मामला अब न्यायालय तक पहुंच गया है। एक ही सड़क का तीन बार निर्माण दिखाकर करीब 5.68 लाख रुपये के गबन के आरोप पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय लखनऊ पीठ ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने उन्नाव जिला प्रशासन को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड बिछिया के तारगांव निवासी रामदत्त ने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत में एक ही सड़क का निर्माण तीन अलग-अलग मदों में दिखाकर लगभग 5.68 लाख रुपये की धनराशि का गबन किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कागजों में अलग-अलग समय पर सड़क निर्माण दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

मामला न्यायालय में पहुंचने के बाद सुनवाई के दौरान इलाहाबाद उच्च न्यायालय लखनऊ पीठ ने मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी उन्नाव को जांच कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ 10 दिनों के भीतर कार्रवाई की जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जाए।

न्यायालय के इस आदेश के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाह इस बात पर टिकी है कि जांच में किन अधिकारियों या जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आती है और जिला प्रशासन उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।