अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
शहर के कचेहरी ओवरब्रिज पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कचेहरी ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बलेनो कार ने सामने चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि कार का नंबर UP32NF2494 है, जिस पर पुलिस का लोगो भी लगा हुआ है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे एसपी ऑफिस के पास रामजी नमकीन के सामने पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। साथ ही दुर्घटना में शामिल कार और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।






























