प्रदूषण फैलाने वाली टेनरी पर प्रशासन का शिकंजा, दही औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

0
26

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने गुरुवार को दही औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदूषण फैला रही एक टेनरी पर छापा मारा।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टेनरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। साथ ही चोरी-छिपे संचालन को रोकने के लिए उसका बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया।

कार्रवाई दही चौकी क्षेत्र के साइड-2 स्थित यूपीएसआईडीसी लेदर कॉम्प्लेक्स में की गई।

यहां “मेसर्स चीता क्लासिक” नाम से संचालित टेनरी में टीम ने निरीक्षण किया, जहां पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि टेनरी से निकलने वाले अपशिष्ट के निस्तारण में गंभीर अनियमितताएं थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की आशंका थी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मौके पर मौजूद मशीनों और जनरेटर को भी सील कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पहले यह टेनरी “कैलिको टेंडस” के नाम से संचालित होती थी, जिसे नियमों के उल्लंघन के कारण पहले भी बंद कराया गया था।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि टेनरी को दोबारा अवैध रूप से संचालित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि जिले में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।