उन्नाव के भिखारीपुर गांव में किसान की हत्या से सनसनी, खेत में चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव

0
81

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

जनपद उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में मंगलवार रात एक किसान की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।

बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो वहां एक किसान का शव चारपाई पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार भिखारीपुर गांव निवासी करीब 55 वर्षीय कन्हैयालाल निषाद मंगलवार रात अपने खेत की रखवाली करने गए थे। सुबह जब परिजन और ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो कन्हैयालाल का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे राकेश निषाद ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसे लेकर इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

सूचना मिलने पर फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।