उन्नाव के ईदगाह मोहल्ले में जमीनी विवाद पर प्रशासन सक्रिय, एसडीएम के नेतृत्व में कराई गई पैमाइश

0
24

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे,उन्नाव

शहर के ईदगाह मोहल्ले में लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद को लेकर प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराई।

एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने विवादित स्थल का निरीक्षण किया और राजस्व विभाग के अधिकारियों से जमीन की पैमाइश कराई।

बताया जा रहा है कि हाउस नंबर 2220 को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ दबंग लोग जमीन को 2202 बताकर उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दबंगों ने दलित और गरीब प्लॉट मालिकों के साथ मारपीट और हमला करने का प्रयास किया।
पीड़ितों का यह भी आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने कई प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित आयोगों से भी शिकायत की है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय लेखपाल संदीप पटेल पर भी आरोप लगाया है कि उन्होंने इस पूरे प्रकरण में निष्पक्षता नहीं बरती और कथित रूप से दबंगों का साथ दिया।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि मौके पर कराई गई पैमाइश की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले में अब राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।