अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
उन्नाव जनपद के सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक सभागार में आयुष्मान कार्ड पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब और वंचित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहुओं को प्रशस्ति पत्र व कैप देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और उनके प्रयासों से ही सरकारी योजनाएं आम लोगों तक पहुंच रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।






























