उन्नाव में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी से मचा हंगामा, कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में किया विरोध-प्रदर्शन

0
528

अनुज कुमार वर्मा

ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

जनपद उन्नाव में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कुशवाहा सहित कई कांग्रेसी नेताओं की पुलिस द्वारा गिरफ्तारी किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। नेताओं की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में समर्थक उन्नाव कोतवाली पहुँच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे।

गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने पर भी पार्टी नेताओं को हिरासत में लेना सीधे-सीधे तानाशाही रवैया है। वहीं मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने भी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की।

विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल ने कोतवाली परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कई बार नोकझोंक की स्थिति बनी, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कुशवाहा की गिरफ्तारी को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जनता से जुड़े सवालों पर असहज है और इसी वजह से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि जब तक जिलाध्यक्ष सहित सभी गिरफ्तार नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए नेताओं को हिरासत में लिया गया है और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस हाल के दिनों में कई मुद्दों को लेकर आंदोलनों के माध्यम से सरकार पर हमलावर रही है। उसी क्रम में शुक्रवार को उन्नाव में नेताओं की गिरफ्तारी और उसके बाद हुआ उग्र प्रदर्शन राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।