सचिन कुमार
ब्यूरो- सिद्धि टुडे,उन्नाव
उन्नाव, 16 जून 2026। थाना बांगरमऊ क्षेत्र में साधु बाबा मिलन सिंह हत्याकांड के मामले में उन्नाव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शानू उर्फ शानू पुत्र मुन्ना कालिया को थाना बांगरमऊ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले इसी मामले का एक अन्य एक लाख रुपये का इनामी आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद मृत घोषित किया जा चुका है।
साधु की हत्या से मचा था सनसनी
9 जून 2026 को बांगरमऊ कस्बे के घूरे टोला निवासी वीरेन्द्र सिंह ने थाना बांगरमऊ में तहरीर देकर बताया था कि उनके भाई बाबा मिलन सिंह की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस मामले में इसराइल, अजय गौतम उर्फ लल्ली, यामीन, शानू, मोहम्मद शफी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान बीएनएस की अन्य धाराएं और सीएलए एक्ट भी बढ़ाया गया। वहीं, 10 जून को घटना स्थल पर किए गए अवैध निर्माण को भी प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया था।
पहले चार आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने 11 जून को अजय गौतम, यामीन और मोहम्मद शफी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 12 जून को मामले में प्रकाश में आए आरोपी अली मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि मुख्य आरोपी इसराइल और शानू फरार चल रहे थे, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ में ढेर हुआ इसराइल
पुलिस के अनुसार 15 जून की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी इसराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है। पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा।
आरोप है कि इसराइल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त बताया जा रहा चाकू बरामद किया। मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
दूसरा इनामी आरोपी शानू भी दबोचा गया
इसी क्रम में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के गंजमुरादाबाद रोड ओवरब्रिज के नीचे से एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शानू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस गिरफ्तारी के साथ ही बाबा मिलन सिंह हत्याकांड में नामजद पांचों आरोपियों और विवेचना में प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
एसएसपी के निर्देशन में चली कार्रवाई
पूरे अभियान का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में किया गया। गिरफ्तारी और मुठभेड़ की कार्रवाई में थाना बांगरमऊ पुलिस, एसओजी तथा सर्विलांस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।






























