अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
जनपद के ग्राम आंट घसौली निवासी मन्ना लाल एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पंकज गुप्ता तत्काल जिला पुरुष चिकित्सालय, उन्नाव पहुँचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मन्ना लाल के हाथ, पैर और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल पहुँचकर विधायक पंकज गुप्ता ने चिकित्सकों से विस्तृत चर्चा की और उपचार की पूरी जानकारी ली। साथ ही, डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं, अस्पताल प्रशासन को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मरीज के उपचार में कोई कमी न छोड़ी जाए।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल है। लोग मन्ना लाल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।































