राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में करियर काउंसलिंग व नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित

0
45

अनुज कुमार वर्मा 

ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव 

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मोती नगर, उन्नाव में सेवायोजन विभाग द्वारा करियर काउंसलिंग, नारी सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, उत्तर प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से सहभागिता की गई। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा मिश्रा एवं जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रीति चंद्रा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 195 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा ने छात्राओं को करियर चयन में SWOT विश्लेषण (ताकत, कमजोरियाँ, अवसर एवं चुनौतियाँ) के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को आत्म-मूल्यांकन करने तथा अपने लक्ष्य के अनुसार सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सूचित एवं विवेकपूर्ण निर्णय ही विद्यार्थियों को सही दिशा में आगे बढ़ने में सहायक होते हैं।

इस अवसर पर अतिथि प्रवक्ता अनुपम सिंह, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, उन्नाव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सही समय पर करियर का चयन कर उसे उचित दिशा देना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक योग्यता एवं समर्पण का महत्व होता है। साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग की जानकारी देते हुए छात्राओं को इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत इच्छुक छात्र-छात्राएं स्काउट भवन (डायट) उन्नाव स्थित केंद्र अथवा अभ्युदय कार्यालय में जाकर पंजीकरण कर निःशुल्क कोचिंग का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत इंटरमीडिएट के बाद NDA, CDS, NEET, पुलिस, रेलवे, बैंकिंग, SSC एवं UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन एवं कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रवक्ता रिचा माहेश्वरी, पूजा शुक्ला एवं रश्मि मिश्रा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राओं को समय-समय पर पूर्ण सहयोग, निःशुल्क कोचिंग एवं करियर काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाती रहेगी