खबर का असर: माखी फायरिंग कांड में 2 दिन में 3 आरोपी गिरफ्तार

0
135

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

तमंचे से युवक को गोली मारने वाले आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, 2 अवैध तमंचे व क्रेटा कार बरामद

उन्नाव थाना माखी क्षेत्र के ग्राम कुटरा में 13 अप्रैल को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और महज दो दिन के भीतर ही तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल को ग्राम कुटरा में एक युवक को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर घायल कर दिया गया था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना माखी पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

इसी क्रम में पुलिस ने पूरानिस्फपंसारी नहर पुलिया के पास दबिश देकर आरोपी सौरभ सिंह, दीपक सिंह और अमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, कारतूस व खोखा बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की खबर सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई, जिससे कम समय में ही आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।