माखी क्षेत्र में चली गोली, पैर में लगी गोली से मनोज शुक्ला घायल

0
186

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

परिजनों ने छह लोगों पर लगाया फायरिंग का आरोप, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

उन्नाव। थाना माखी क्षेत्र के ग्राम कुटरा में शनिवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग की इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार मनोज शुक्ला (45) पुत्र पुत्तू लाल निवासी ग्राम कुटरा, थाना माखी विवाद के दौरान गोली लगने से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही दीपक सिंह, धीरेन्द्र सिंह (प्रधान), कुलदीप सिंह, राहुल सिंह, अमन सिंह व सौरभ सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की, जिसमें चली गोली मनोज शुक्ला के पैर में जा लगी।

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों व ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना माखी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।