आगरा-कासगंज हादसे के बाद उन्नाव में परिवहन विभाग अलर्ट, स्कूली वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान

0
22

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव आगरा-कासगंज मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद जनपद में परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष सघन जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्कूल बसों, वैन समेत सभी प्रकार के स्कूली वाहनों की गहन जांच की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को ले जाने वाले वाहन पूरी तरह सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।

एआरटीओ ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालन कर रहे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को सीज करने के साथ ही चालान भी किया जाएगा। इसके अलावा स्पीड गवर्नर, फायर एक्सटिंग्विशर और जीपीएस सिस्टम की अनिवार्य जांच भी की जाएगी।

अभियान के दौरान यह भी देखा जाएगा कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को तो नहीं बैठाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज समय से अपडेट रखें और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के लिए केवल सुरक्षित और मानक पूरे करने वाले वाहनों का ही चयन करें।

प्रशासन का मानना है कि इस विशेष अभियान से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।