अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे,उन्नाव
जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गौड़ ने की।
बैठक में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों से आवश्यक कार्मिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि जनगणना कार्य के लिए फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर और प्रगणक के रूप में कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान मकानों का सूचीकरण तथा मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।
दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2027 की जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में कराई जाएगी, जिससे डाटा संग्रहण और विश्लेषण की प्रक्रिया अधिक सटीक और तेज होगी।
अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी डाटा छूटने न पाए तथा पूरी गणना त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो।






























