प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हुआ हवन-पूजन, भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
114

अनुज कुमार वर्मा

ब्यूरो–सिद्धि टुडे, उन्नाव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सांसद साक्षी महाराज के कैंप कार्यालय में मंगलवार को विशेष हवन-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा पहुंचे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सांसद साक्षी महाराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला और नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक भाजपा नेता विमल द्विवेदी भी मौजूद रहे।

हवन-पूजन के दौरान सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री की दीर्घकालिक सेवाओं और उनके नेतृत्व में देश की प्रगति को याद करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके नेतृत्व में गरीब कल्याण योजनाओं से लेकर आत्मनिर्भर भारत अभियान तक, देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन पूर्णतः राष्ट्र सेवा को समर्पित है और आज का यह कार्यक्रम उनके प्रति सम्मान और आशीर्वाद का प्रतीक है। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि मोदी जी के नेतृत्व में देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण हुआ और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को प्रधानमंत्री के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।