बाढ़ राहत कार्यों में जुटा प्रशासन, बीघापुर के बक्सर क्षेत्र में स्थापित बाढ़ चौकी का निरीक्षण

0
364

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो–सिद्धी टुडे,उन्नाव

जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम लगातार सक्रियता से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गौड़ एवं उप जिलाधिकारी बीघापुर रणवीर सिंह ने बक्सर गांव में स्थापित बाढ़ चौकी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चौकी पर नियुक्त अपॉइंटेड अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टाफ को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही प्रशासनिक टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते हुए स्थानीय नागरिकों से संवाद भी स्थापित किया। लोगों को प्रशासन की ओर से बाढ़ से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी दी गई और किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता हेतु सरकारी CUG नंबर भी साझा किए गए। अधिकारियों ने यह भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर समय क्षेत्रीय नागरिकों के साथ है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस दौरान क्षेत्रीय राजस्व, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे और राहत व सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।

प्रशासन की यह तत्परता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए निश्चित ही राहत का कारण बनेगी।