उन्नाव में अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति सम्मेलन, प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह हुए शामिल

0
147

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव: शहर के अरोड़ा रिज़ॉर्ट-2 में पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन मंत्री और उन्नाव के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन ने किया, और संयोजन एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह द्वारा किया गया।

अहिल्याबाई के कार्यों को मोदी सरकार आगे बढ़ा रही है

मंत्री धर्मपाल सिंह ने माता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि वे भारतीय इतिहास की महान नारी थीं जिन्होंने शासन, धर्म, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं मूल्यों और कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई द्वारा काशी विश्वनाथ और सोमनाथ जैसे मंदिरों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने काशी, केदारनाथ और महाकाल जैसे मंदिरों में आगे बढ़ाया। महिला स्व-सहायता समूहों की आज जो संरचना है, उसका बीज माता अहिल्याबाई ने ही बोया था।

मोदी को ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि मिलने की बात

मंत्री ने कहा कि अब तक ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि केवल राजा नल, युधिष्ठिर और अहिल्याबाई होलकर को प्राप्त हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी यह उपाधि प्राप्त हो सकती है, क्योंकि वे देश को एक नई दिशा देने में जुटे हैं।

राष्ट्र रक्षा और महिला शक्ति पर बल

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मुगलकाल में जहां महिलाओं का सम्मान नहीं था, वहीं अहिल्याबाई ने महिलाओं को सेना में स्थान दिया। आज प्रधानमंत्री मोदी ने महिला अफसरों को सेना में कमान देकर देश की सुरक्षा में उनका योगदान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने भारत की सैन्य ताकत का लोहा दुनिया से मनवाया।

कांग्रेस पर निशाना, विकास पर जोर

मंत्री ने कांग्रेस के 60 वर्षों के शासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब भारत का नेतृत्व नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार करकट से कंचन बनाने का कार्य कर रही है—जैसे मेरठ में 300 करोड़ की खाद परियोजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी।

स्थानीय प्रशासन को दिए निर्देश

मंत्री धर्मपाल सिंह ने उन्नाव के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, बरसात में जलभराव की समस्या न हो, बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो और कोरोना व डेंगू जैसी बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रहे।

सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी

सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह, एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान, विधायक पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, बृजेश रावत, भाजपा नेता शशांक सिंह, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समापन भाषण में जिला पंचायत अध्यक्षा ने कहा कि माता अहिल्याबाई ने महिलाओं को समाज में सम्मान दिलाने का कार्य किया, और हम सब उनके आदर्शों से प्रेरित हैं।