उन्नाव एआरटीओ कार्यालय में लापरवाही उजागर: निरीक्षण में खिड़कियां कागज से ढकी मिलीं, आरटीओ ने दिए सख्त निर्देश

0
303

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव। जिले के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) में बड़ी लापरवाही सामने आई है। लखनऊ के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संजय तिवारी जब औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कार्यालय की खिड़कियां कागज से ढकी हुई हैं। यह देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और पारदर्शिता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों की संख्या भी अधिक मिली, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। इस पर आरटीओ संजय तिवारी ने एआरटीओ श्वेता वर्मा को तत्काल व्यवस्था सुधारने और लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर सेवाएं मिलनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आरटीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि परिवहन कार्यालय में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। खिड़कियों को कागज से ढकने का कारण क्या था, इसकी जांच की जाएगी। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कार्यालय की कार्यप्रणाली को सुधारें और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं।

निरीक्षण के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि एआरटीओ कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और लोगों को बिना देरी के सेवाएं मिलेंगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस दिशा में कितनी तेजी से कदम उठाता है।