अनुराग अवस्थी बने भाजपा उन्नाव के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष

0
146

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो– सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी के संगठन महापर्व 2024–25 के अंतर्गत उन्नाव जिले में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा भव्य समारोह के साथ की गई। भाजपा कार्यालय, उन्नाव में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री मा० दिनेश प्रताप सिंह एवं चुनाव अधिकारी राम बाबू हरित ने अनुराग अवस्थी को जिलाध्यक्ष घोषित किया। इस महत्वपूर्ण घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं में उल्लास और उत्साह की लहर दौड़ गई।

भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ – मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मा० दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण से मजबूत होता है। शीर्ष नेतृत्व का निर्णय सराहनीय है, जिसने संगठन महापर्व को दो से बढ़ाकर तीन दिवसीय उत्सव बना दिया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में भाजपा उन्नाव में और अधिक सशक्त होगी।

“पार्टी सेवा का संकल्प ही हमारी शक्ति” – अवधेश कटियार

निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्र सेवा का भाव हमेशा सर्वोपरि रहता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

अनुराग अवस्थी ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने अपने संबोधन में भाजपा शीर्ष नेतृत्व, चुनाव अधिकारी, मुख्य अतिथि एवं समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगा। पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करूंगा।”

कार्यक्रम में जुटे भाजपा के दिग्गज नेता

इस भव्य समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, विधायक पंकज गुप्ता, बृजेश रावत, बंबा लाल दिवाकर, आशुतोष शुक्ला, अनिल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, प्रभान शंकर दीक्षित, गंगा प्रसाद वर्मा, राज किशोर रावत, भगवती प्रसाद रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भगवती प्रसाद रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, सह चुनाव अधिकारी महेश चंद्र दीक्षित, सविता रावत, भाजपा नेत्री ममता सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह

भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा के साथ ही जिले में हर्ष और उल्लास का माहौल बन गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।