अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उन्नाव में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने किया नारी शक्ति का भव्य सम्मान

0
203

अनुज कुमार वर्मा

ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा उन्नाव पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात उन्होंने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा, “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:” अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल परिवार का ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का भी आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं, जिससे आज मातृशक्ति स्वयं को पहले से अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कर रही है।

मंत्री एके शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो राजनीति में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त राशन वितरण, मातृत्व कल्याण योजनाएं और स्वरोजगार योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी योजनाएं महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही हैं।

मंत्री ने कहा, “महिलाएं आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं—चाहे वह विज्ञान हो, खेल हो, शिक्षा हो या रक्षा क्षेत्र। उनकी कड़ी मेहनत, त्याग और समर्पण ही समाज की वास्तविक ताकत है।” उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और आगे बढ़ने से कभी न हिचकिचाएं।

इस भव्य समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष शगुन सिंह, विधायक बंबालाल दिवाकर, विधायक अनिल सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष साधना दीक्षित, भाजपा नेत्री चंद्रकांता जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष किरण सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री एके शर्मा ने सभी उपस्थित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “सशक्त नारी ही सशक्त समाज और सशक्त भारत की नींव रखती है। हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सदैव समर्पित रहना होगा।