सचिन कुमार
ब्यूरो – सिद्धि टुडे,उन्नाव
बंथर गांव के युवा क्रिकेटर की मेहनत लाई रंग, ओडिशा प्रीमियर लीग में चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
उन्नाव। बैसवारा की धरती ने एक बार फिर खेल प्रतिभा के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत की है। विकासखंड सिकंदरपुर कर्ण के ग्राम बंथर निवासी युवा क्रिकेटर ऋतिक सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर क्रिकेट के बड़े मंच पर जगह बनाई है। ऋतिक सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह, का चयन ओडिशा प्रीमियर लीग (OPL) में हुआ है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रोफेशनल क्रिकेट की प्रतियोगिता तक पहुंचना उनके परिवार, गांव और पूरे बैसवारा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
ऋतिक के OPL में चयन की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि ग्रामीण परिवेश में रहते हुए ऋतिक ने लगातार मेहनत, अनुशासन और अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
लगातार मेहनत से हासिल किया मुकाम
ऋतिक सिंह ने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को बनाए रखते हुए लंबे समय तक लगातार अभ्यास किया। खेल के प्रति समर्पण और बेहतर प्रदर्शन की कोशिश ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। OPL में चयन उनके क्रिकेट करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के उन युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी, जो ग्रामीण अंचल में रहकर क्रिकेट सहित अन्य खेलों में अपना भविष्य बनाने का सपना देखते हैं।
बैसवारा युवा अधिकार मंच ने किया सम्मान
ऋतिक की इस उपलब्धि पर बैसवारा युवा अधिकार मंच की ओर से उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। मंच के संस्थापक सुधांशु प्रताप सिंह ने कहा कि ऋतिक का OPL में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मंच के मीडिया एवं पत्रकारिता सलाहकार सौरभ शुक्ला तथा उनके बड़े भाई आशीष सिंह ने भी ऋतिक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गांव से बड़े मंच तक पहुंचने की कहानी बनी प्रेरणा
बंथर गांव से निकलकर ओडिशा प्रीमियर लीग तक पहुंचना ऋतिक सिंह की मेहनत और प्रतिभा का परिचायक है। उनके चयन से गांव से लेकर पूरे बैसवारा क्षेत्र तक गर्व और उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि ऋतिक OPL में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट के क्षेत्र में आगे भी नए मुकाम हासिल करेंगे।





























