लालगंज–उन्नाव मार्ग पर श्रमिकों से भरी बस में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

0
81

अनुज कुमार वर्मा 

ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव 

सीएफओ अनूप सिंह के नेतृत्व में फायर टीम ने दिखाया साहस, सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाला

उन्नाव। लालगंज–उन्नाव मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रमिकों से भरी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। चलते वाहन में आग की लपटें उठती देख बस में सवार श्रमिकों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस लालगंज–उन्नाव मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठना शुरू हुआ। कुछ ही क्षणों में धुआं आग की लपटों में बदल गया। चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस को तत्काल अवगत कराया गया। सूचना प्राप्त होते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनूप सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम तेजी से मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

फायर सर्विस टीम की सूझबूझ और तत्परता के चलते बस में सवार सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि समय रहते राहत कार्य शुरू न किया जाता, तो यह घटना एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। इस दौरान कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और प्रशासन की मदद से बाद में सामान्य कराया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना की। समय पर दमकल विभाग के पहुंचने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया और सभी श्रमिकों की जान सुरक्षित बच सकी।