अधिवक्ता परिषद ने समरसता दिवस पर लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 75 लोगों ने लिया लाभ

0
100

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

अधिवक्ता परिषद अवध उन्नाव इकाई द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को समरसता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवा बस्ती राजेपुर उर्फ वाजिदपुर, निकट आवास विकास कॉलोनी उन्नाव में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर समाज सेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में सेवा बस्ती में रहने वाले नागरिकों, माताओं, बहनों एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में लगभग 75 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई तथा नि:शुल्क दवाइयां प्राप्त कर शिविर का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान चिकित्सक डॉ. राजू गौतम द्वारा उपस्थित लोगों की बीपी, शुगर सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के उपरांत मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इस पहल से सेवा बस्ती के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

इस अवसर पर अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष मनीष जी, महामंत्री अनिरुद्ध दीक्षित जी, कार्यकारिणी सदस्य अनुराग खरे जी, प्रदीप जी एवं कार्यक्रम संयोजक योगेंद्र सिंह यादव जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में समरसता, समानता और सेवा भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

अधिवक्ता परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने का सर्वोत्तम माध्यम है।