उन्नाव: सदर विधायक ने आईएचएमटी होटल मैनेजमेंट संस्थान का किया भव्य उद्घाटन

0
50

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

युवाओं को स्वावलंबी बनाने और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में जनपद में एक नई पहल की शुरुआत हुई। रविवार को नगर के बाबूगंज स्थित सिया प्यारी प्लाजा में आईएचएमटी (IHMT) होटल मैनेजमेंट संस्थान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सदर विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया।

रोजगार के खुलेंगे नए अवसर
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में प्रोफेशनल कोर्सेज की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संस्थानों के खुलने से स्थानीय युवाओं को अपने ही जनपद में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे युवाओं के लिए देश और विदेश में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

100 प्रतिशत प्लेसमेंट का दावा
संस्थान के प्रबंधक रवीश सिंह तोमर ने छात्र-छात्राओं को होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में करियर की विभिन्न संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद छात्रों को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही कोर्स के दौरान छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान (प्रैक्टिकल नॉलेज) पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे वे रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

प्रवेश प्रक्रिया हुई शुरू
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संस्थान प्रबंधन के अनुसार नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए सिया प्यारी प्लाजा, बाबूगंज (उन्नाव) स्थित संस्थान कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।