चमरौली गांव के खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

0
65

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

अजगैन पुलिस मौके पर पहुंची, पहचान कराने और जांच में जुटी

उन्नाव जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत चमरौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र की स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, अजगैन कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद से गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है।