अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
उन्नाव जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाइक, नगदी और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से करीब सवा दो लाख रुपये कीमत की R1-5 बाइक तथा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। इसके साथ ही चोरी से संबंधित 16 हजार रुपये की नगदी भी पुलिस ने बरामद की है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। यह गिरोह लखनऊ, कानपुर, उरई, जालौन, झांसी और उन्नाव समेत कई जिलों में सक्रिय था और सुनसान स्थानों तथा बंद दुकानों को निशाना बनाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब पांच माह पूर्व उन्नाव के आर.एस. चौराहे पर सात दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास भी इसी गिरोह ने किया था।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के केशवापुर गांव के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और अन्य आपराधिक तत्वों पर भी प्रभाव पड़ेगा।






























