खराब रैंकिंग पर सख्त डीएम, विभागों को दी चेतावनी अपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा कर हैंडओवर के निर्देश

0
13

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत विभागीय प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने एक-एक विभाग की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सुधार के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड को सभी अधिकारी गंभीरता से लें और नियमित रूप से अपनी प्रगति की निगरानी करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनपद की रैंकिंग में गिरावट आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन डैशबोर्ड का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।

समीक्षा के दौरान एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ग्राम विकास, आईसीडीएस, मुख्यमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, ओडीओपी तथा 15वें वित्त आयोग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की खराब रैंकिंग पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर शीघ्र हैंडओवर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे होने चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।