उन्नाव में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन, 22वीं किस्त जारी होने पर विकास भवन में कार्यक्रम

0
9

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

डीएम की मौजूदगी में किसानों को योजनाओं की जानकारी, फसल बीमा के प्रमाण पत्र भी वितरित

उन्नाव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी होने के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित किसानों ने देखा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी की मौजूदगी में सदर विधायक प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में किसानों से आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा मिलेट्स (श्रीअन्न) के उत्पादन को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों और योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कई किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को मिल रही आर्थिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।

इसके अलावा सोलर पम्प योजना के लाभार्थी किसानों को भी प्रोत्साहित किया गया और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई के फायदों से अवगत कराया गया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर जनपद के सभी विकास खंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें किसानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।