उन्नाव में बाइक सवारों पर फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी चंदन समेत तीन साथी दबोचे, पुलिस ने तमंचा-कारतूस बरामद कर भेजा जेल।

0
12

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

जनपद के अचलगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवकों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जय प्रकाश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस की सक्रियता के चलते मुख्य आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही उसके तीन साथी फूलचंद्र, गोविंद और संजीत को भी पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चंदन के खिलाफ अचलगंज थाना में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को आरोपी चंदन ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक सवार युवकों पर फायरिंग कर दी थी। घटना के दौरान घायल बाइक सवार और उसके साथी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था, जो पुलिस के लिए अहम साक्ष्य साबित हुआ।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी भी बढ़ा दी गई है।